युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हात्माबाद निवासी सनव्वर की मंगलवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई ने गांव अकबरपुर निवासी एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला रंजिशन हत्या किए जाने का सामने आ रहा है। हालांकि, पुलिस मामले का जल्द ही राजफाश करने का दंभ भर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हात्माबाद निवासी सनव्वर (35) पुत्र मन्नवर गांव में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। मंगलवार देर शाम अचानक उनकी पत्नी सीबा उर्फ कमरजहां की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद सनव्वर सीबा को लेकर समीप के गांव नीमखेड़ा में एक चिकित्सक के यहां गए। वहां से दवाई लेने में सनव्वर को देर हो गई। सनव्वर करीब 11 बजे जब स्कूटी से अपनी पत्नी के साथ दोस्तपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बाइक रुकवाई औैर कनपटी पर गोली मारकर फरार हो गए। राहगीरों व स्थानीय लोगों ने सनव्वर को अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने देर रात ही शव पोस्टमार्टम को भेजा और बुधवार सुबह परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वहीं, सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस, सीओ सिटी व एसपी सिटी भी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मामले में मृतक के भाई दानिश ने अकबरपुर निवासी युवक मुजाहिद पुत्र मोहम्मद अली के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
रंजिशन की गई हत्या
वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ बिंदु प्रकाश में आए हैं। जिनसे आशंका जताई जा रही है, रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। बताया गया कि आरोपी मुजाहिद के खिलाफ बीते दिनों मृतक की ओर से घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ आदि का मामला दर्ज कराया गया था। फिलहाल मुजाहिद जमानत पर बाहर जेल से बाहर चल रहा था।
पहली पत्नी से भी था विवाद
जानकारी के अनुसार मृतक सनव्वर ने दो शादियां की थी। पहली पत्नी से विवाद हो गया था तो उसे छोड़ दिया था और तलाक दे दिया था। जिसके बाद पहली पत्नी ने भी दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सनव्वर का अपनी पहली पत्नी और उसके पति से भी विवाद चल रहा था।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी को भी जल्द ही दबोच कर राजफाश कर दिया जाएगा। वहीं, मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। हत्या का कारण जांच पूरी होने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी