बुलंदशहर में एक युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह हत्या रंजिशन की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव हात्माबाद निवासी 35 वर्षीय सन्नवर पुत्र मन्नवर अपने गांव में ही मोबाइल की दुकान चलाता था। मंगलवार की देर शाम अचानक सन्नवर की पत्नी सीबा उर्फ कमरजहां की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद वह सीबा को लेकर समीप के गांव नीमखेड़ा में एक चिकित्सक के यहां गया।
वहां से दवाई लेने में सन्नवर को देर हो गई। सन्नवर करीब 11 बजे जब स्कूटी से अपनी पत्नी के साथ दोस्तपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसकी बाइक रुकवाई औैर कनपटी पर गोली मार दी। पत्नी चिल्लाई, लेकिन सड़क पर उस समय कोई नहीं हाेने के कारण उन्हें मदद नहीं मिल सकी।
हालांकि बाद में कुछ कार सवारों ने सन्नवर को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। इस मामले में मृतक के भाई दानिश ने मुजाहिद पुत्र मोहम्मद अली निवासी अकबरपुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
लोग यह भी कह रहे हैं कि सन्नवर का उसकी पहली पत्नी से विवाद चल रहा था और यही उसकी हत्या का कारण माना जा रहा है।