व्यक्ति के सिर पर वार कर की हत्या, खेत में मिला शव
डिबाई। कोतवाली की कर्णवास चौकी क्षेत्र के गांव गंगापुर निवासी एक किसान की मंगलवार देर रात हत्या कर दी गई। किसान खेत पर गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा, बुधवार की सुबह किसान का शव पड़ोसी के खेत में पड़ा मिला, उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगापुर निवासी श्रीपाल (57) पुत्र हुकम सिंह मंगलवार की शाम को अपनी पत्नी सरोज व बेटी माधुरी के साथ खेत से चारा लेने व खेत की मेड़ बांधने गए थे। शाम को श्रीपाल ने अपनी पत्नी व बेटी को चारा लेकर घर भेज दिया और खुद खेत पर रुक गया। रात भर श्रीपाल के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसे तलाश किया, लेकिन श्रीपाल का कहीं पता नही लगा। बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने श्रीपाल का शव उसी के खेत के समीप पड़ोसी के खेत में पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसान को लाठी-डंडों से पीटा गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
श्रीपाल के घर आने वाले लोगों ने ही उतारा मौत के घाट
गांव गंगापुर निवासी मृतक किसान श्रीपाल के भाई ने थाने पर तहरीर दी है। जिसमें उसने बताया कि उसके भाई के घर कुछ लोगों का आना जाना था। इस बात को लेकर श्रीपाल और उसकी पत्नी के बीच अनबन रहती थी। परिजनों ने श्रीपाल के घर आने वाले अज्ञात लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है। देर शाम तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नही हो सकी थी। वहीं पुलिस भी मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम के बाद ही किसान की मौत का कारण सामने आ सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वंदना सिंह, सीओ डिबाई