डिबाई के गांव कुमरौआ में विलाप करते मृतक मोनू के परिजन। संवाद
डिबाई। अंबेडकरनगर में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने बुलंदशहर के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव कुमरहुआ में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। हादसे में गांव के दो युवकों धर्मवीर (38) और मोनू उर्फ सुधीर (35) की मौत हो गई।
धर्मवीर के निधन से उसके गरीब मजदूर पिता दोली सिंह का परिवार पूरी तरह से टूट गया है। इससे पहले दोली सिंह के तीन अन्य बेटों की भी अलग-अलग हादसों में मौत हो चुकी है। चौथे बेटे की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और मां प्रेमवती, पत्नी शशि का रो-रो कर बुरा हाल है।
धर्मवीर अपने पीछे पुत्री खुशबू (10), दो छोटे पुत्र योगेंद्र (4) और हितेश (3) को छोड़ गए हैं। धर्मवीर के भाई अशोक ने बताया कि उनके पांच भाइयों में से अब तक चार की मौत हो चुकी है। उनके सबसे छोटे भाई विजय की मौत आठ साल पहले कर्णवास गंगा में डूबने से हो गई थी। तीसरे नंबर के भाई प्रेम सिंह की तीन वर्ष पूर्व अतरौली के पास सड़क हादसे में जान चली गई थी। चौथे नंबर के भाई जीतू की भी डेढ़ वर्ष पूर्व रेलवे लाइन पार करते समय हादसे में जान चली गई थी। अब दूसरे नंबर के भाई धर्मवीर की अंबेडकरनगर में सड़क हादसे में मौत हो गई है।