बुलंदशहर के औरंगाबाद के खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जाड़ौल में दबंगों की हैवानियत सामने आई है, जहां रविवार देर रात घर में घुसकर आधा दर्जन आरोपियों ने मां-बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बेटे को बचाने आईं 55 वर्षीय वृद्ध महिला उर्मिला देवी के सिर में डंडा लगा, जिससे वह सड़क पर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लहूलुहान हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के पुत्र की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
उर्मिला देवी अपने बेटे विजय उर्फ बॉबी जाटव के साथ रविवार रात को घर पर लेटी थीं। विजय बुलंदशहर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में संविदाकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। रात करीब 9 बजे गांव के एक युवक ने विजय को फोन कर धमकाया। विजय ने उसे घर आकर बात करने को कहा। इसके पांच मिनट बाद ही छह से सात आरोपी युवक एकत्रित होकर विजय के घर पहुंचे और उसे देखते ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बेटे की चीख-पुकार सुनकर मां उर्मिला देवी उसे बचाने दौड़ीं। आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी का डंडा उर्मिला देवी के सिर में लगा, जिससे वह अचानक सड़क पर गिर गईं और उनका सिर सड़क से टकरा गया। वह बुरी तरह लहूलुहान हो गईं।
आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हत्या की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ स्याना प्रखर पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। बाद में फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से फिंगर प्रिंट्स सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। मृतक के बेटे विजय ने छह आरोपियों को नामजद करते हुए खानपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गिरकर मौत हुई या हमला? पीएम रिपोर्ट का इंतजार
सीओ स्याना प्रखर पांडेय का कहना है कि दो पक्षों में रात में मारपीट हो रही थी, जहां महिला खड़े होकर देख रही थीं। संभवतः महिला की गिरकर मौत हुई है। फिर भी महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कॉल पर धमकी और फिर हमला
मृतक के बेटे विजय के अनुसार, आरोपियों ने पहले उन्हें कॉल पर धमकी दी थी। विजय के घर आकर बात करने की बात कहते ही, आरोपी 5 मिनट में ही घर पहुंच गए और सीधे हमला कर दिया। यह हमला पूर्व नियोजित लग रहा है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण भी स्पष्ट हो जाएगा। जिसके बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर।