अहमदगढ़ पीएचसी पर आरोग्य मेले में परामर्श लेता मरीज। संवाद
बुलंदशहर/नरसेना/अहमदगढ़। जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में बढ़ती गर्मी के चलते उल्टी-दस्त व पेट दर्द के साथ ही बुखार के रोगियों की संख्या अधिक रही। ऐसे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करके उन्हें दवाएं दी गईं। वहीं, गंभीर रोगियों को जिला चिकित्सालय या सीएचसी पर भेजा गया। चिकित्सकों ने मौसम को लेकर सतर्क होने की सलाह दी। वहीं, अन्य रोग के मरीजों ने भी परामर्श, जांच व दवा की सुविधा का लाभ लिया।
जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेला लगा। नरसेना क्षेत्र के दौलतपुर कलां पीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में सीएचओ भगत सिंह मरीजों को परामर्श देते मिले। सुभाष पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचा। वहीं, बदन दर्द होने पर महिला फरजाना ने परामर्श लिया। सीएचओ भगत सिंह ने बताया कि मेले में अधिकांश मरीज डिहाइड्रेशन से पीड़ित रहे। सभी की जांच कर परामर्श व दवा की सुविधा दी गई।
अहमदगढ़ पीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती नहीं है। ऐसे में मरीजों को फार्मासिस्ट पर भी निर्भर रहना पड़ता है। रविवार को भी फार्मासिस्ट संदीप शर्मा ने 31 मरीजों को परामर्श दिया। इस दौरान बुखार के आठ, सर्दी-जुकाम के सात व 16 अन्य बीमारी के मरीज रहे। विजय अपने बेटे को बुखार व कमजोरी होने पर उपचार कराने पहुंचा। वहीं, नगर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरायधारी, शास्त्री नगर, देवीपुरा, गिरधारीनगर पर लगे आरोग्य मेले में भी डिहाइड्रेशन के मरीज अधिक रहे।
कोट
आरोग्य मेले में बढ़ती गर्मी में डिहाइड्रेशन समेत अन्य बीमारी के मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया। मेले में तीन हजार से अधिक मरीजों ने परामर्श, जांच व दवा की सुविधा का लाभ लिया। लोगों से अपील की कि वे गर्मी में अधिक से अधिक पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओ