ऊंचागांव। क्षेत्र के गांव ककरई में बंदरों के झुंड ने एक घर में घुसकर मां और बेटी पर हमला कर दिया। जिसमें मां-बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दोनों को सीएचसी से बुलंदशहर रेफर कर दिया।
क्षेत्र के गांव ककरई निवासी शिक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा की 28 वर्षीय बेटी काजल शर्मा अपनी डेढ़ साल की बच्ची के साथ मायके आई थी। घर के अंदर अचानक बंदरों ने बच्ची पर झपट्टा मारने की कोशिश की। बच्ची को बचाने के लिए काजल और उनकी मां 55 वर्षीय रानी शर्मा दौड़कर बाहर आईं। रानी शर्मा ने डंडा मारकर बंदरों को भगाना चाहा तो बंदरों ने उन्हें घेर लिया।
बंदरों ने रानी शर्मा के सिर और काजल के हाथ-पैर-कंधे पर कई जगह काट लिया। दोनों की चीख-पुकार पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में जहांगीराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज वेक्सीन लगाने के बाद जख्म गहरा होने पर बुलंदशहर रेफर कर दिया।
फिलहाल दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज के नए भवन में चल रहा है। ग्रामीण अजय प्रधान, अतर सिंह, देवेंद्र सिंह, खानचंद शर्मा, सन्नीमल शर्मा, बिट्टू, शौकीन खान व सत्यप्रकाश शर्मा ने वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की हैं।