बंदर के हमले में जख्मी युवती काटे हुए के निशान दिखाते हुए। संवाद
बुलंदशहर। छत पर कपड़े सुखाने गई एक युवती पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। युवती के बाएं हाथ में बंदर ने दो से तीन जगह काट लिया। जख्म गहरा होने पर जहांगीराबाद सीएचसी से एआरएस लगाने के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय की ओपीडी में बुधवार को आठ गंभीर जख्म वाले लोगों को एआरएस व मामूली जख्म वाले 153 लोगों को एआरवी लगाई गई।
जहांगीराबाद नगर निवासी 25 वर्षीय भारती बुधवार सुबह छत पर कपड़े सुखाने के लिए गई थी। युवती ने बताया कि अचानक बंदरों का झुंड आ गया और अकेले होने के कारण घेर लिया। एक बंदर ने बाएं हाथ की कोहनी के पास दो से तीन जगह काट लिया।
युवती जहांगीराबाद सीएचसी पहुंची तो एआरवी लगाने के बाद एआरएस लगवाने के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं, खुर्जा के सराय नसरूल्ला निवासी बुजुर्ग होरीलाल ने बताया कि मंगलवार शाम घर के बाहर टहल रहे थे अचानक एक कुत्ते ने पीछे से आकर बाएं पैर में घुटने से नीचे काट लिया। सुबह जटिया चिकित्सालय पहुंचे तो एआरवी लगाने के बाद जिला चिकित्सालय एआरएस लगवाने भेज दिया।
इसके अलावा शिकारपुर क्षेत्र के गांव जालपी निवासी 17 वर्षीय अमन ने बताया कि घर पर एक पिल्ला पाल रखा है। सोमवार शाम उसके साथ खेल रहा था। अचानक उसका दांत चेहरे पर लग गया। खून निकलने पर एआरएस लगवाने पहुंचे। जहांगीराबाद निवासी सचिन ने बताया कि एक दो माह के पिल्ले ने सीधे पैर की एक अंगुली में काट लिया।
सीएचसी से एआरएस लगवाने को रेफर किया है। वहीं, जहांगीराबाद के लछोई निवासी 32 वर्षीय सुरेश को कुत्ते ने 14 दिसंबर को काट लिया। सोमवार को जहांगीराबाद सीएचसी पर एआरवी लगाने के बाद रेफर किया गया। बुधवार को जिला चिकित्सालय पहुंचे युवक ने एआरएस लगवाई। इन समेत आठ गंभीर जख्म वाले लोगों को एआरएस व 153 लोगों को एआरवी लगाई गई।