कचहरी रोड पर बंदर के हाथ से गिरते नोट उठाते लोग। स्रोत : वीडियो ग्रैव
बुलंदशहर। जिलेभर में बंदरों का उत्पात लोगों ने लिए मुसीबत बन गया है। शनिवार को बैनामा कराने के लिए स्टांप लेने जा रहे युवक से दो लाख रुपयों से भरा थैला लेकर बंदर पेड़ पर चढ़ गया और नोट फेंकने लगा। जब लोगों ने बैग छुड़ाने की कोशिश की तो बंदर ने नोट फेंकना शुरू कर दिया। इससे कई लोग नोट बीनने में जुट गए। दो लाख रुपये में एक लाख 98 हजार रुपये ही बच पाए।
कचहरी स्थित अधिवक्ता सोहनपाल व आमिर खान के चैंबर पर एक युवक बैनामा कराने के लिए आया हुआ था। बैनामा से पूर्व स्टांप लेने के लिए अधिवक्ता ने रविंद्र लोधी उर्फ राजू को दो लाख रुपये एक थैले में रखकर दिए। थैले को हाथ में लटकाकर रविंद्र स्टांप लेने के लिए जैसे ही चैंबर से निकला। तभी एक बंदर रुपयों से भरा थैला छीनकर भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शी जीएस वर्मा बताया कि थैले में रखे दो लाख रुपये को बंदर ने मुंह में दबा लिए और पेड़ पर ऊपर पहुंच गया। रविंद्र व अन्य लोगों ने बंदर का पीछा किया। इस पर बंदर ने कुछ नोट पेड़ से नीचे फेंक दिए। वहां मौजूद कई लोगों ने इन नोटों को बीनना शुरू कर दिया। इस दौरान रुपये लेकर आया युवक यह नजारा देख परेशान हो गया। उसने लोगों की मदद से बंदर से एक लाख 98 हजार रुपये बरामद किए। इनमें कुछ नोट बंदर ने फाड़ दिए। यह घटना दिनभर कचहरी में चर्चा का विषय बनी रही। संवाद