सावन के पहले सोमवार को जिलेभर के शिवालय बम-बम बोल बम की गूंज से गुंजायमान हो उठे। शिवालयों में भगवान शिव का दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग के पत्तों से अभिषेक किया गया। सावन के पहले सोमवार को कई जगहों पर भंडारों का भी आयोजन किया गया।
नगर क्षेत्र समेत जिलेभर के शिवालयों में सावन के पहले सोमवार को भोले की धूम रही। बम-बम भोले की गूंज से जिलेभर के शिवालय गूंज उठे। शिवभक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। नगर के राज-राजेश्वर मंदिर, अहार के सिद्धेश्वर मंदिर, खुर्जा, सिकंदराबाद आदि स्थानों के सभी प्रमुख शिवालयों पर भोले के भक्तों की भीड़ रही।
सुबह-सवेरे से ही मंदिरों के कपाट खोल दिए गए। अहार और राज-राजेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की अराधना कर व्रत भी रखा। श्रद्धालुआें ने बताया कि मान्यता है कि सावन मास में बेलपत्थर के पत्तों को पूजने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। सावन के सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से भक्तों के दुख दूर हो जाते है। बड़ी संख्या में भंडारों का आयोजन किया गया।