सिकंदराबाद। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को हुए नुकसान को लेकर विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने गेहूं खरीद में गुणवत्ता मानकों में शिथिलता देने की मांग की है। कहा कि विधानसभा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से गेहूं की तैयार फसल को नुकसान पहुंचा है। बारिश से गेहूं की चमक कम हो गई और दाने सिकुड़ गए हैं। इस वजह से किसानों की फसल सरकारी क्रय केंद्रों के मौजूदा मानकों पर खरी नहीं उतर रही। जिससे किसानों को सरकारी केंद्रों पर फसल बेचने में दिक्कत हो रही है। अगर मानकों में ढील नहीं दी गई तो किसानों को कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ेगी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। विधायक ने सीएम से मांग की अन्नदाताओं के हित में गेहूं खरीद प्रक्रिया में गुणवत्ता मानकों में एकसमान शिथिलता दी जाए, ताकि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बेच सकें।