अनूपशहर। नगर के कलां बाजार में एक दुकान पर टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर आए एक शातिर युवक ने 12 वर्षीय नाबालिग दुकानदार को बातों में उलझाकर और नोट बदलने के बहाने चालाकी से 1500 रुपये ठग लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है।
कलां बाजार में रहने वाले जितेंद्र की दुकान पर शुक्रवार शाम उनका 12 वर्षीय बेटा खुश जिंदल दुकान संभाल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर आया। जितेंद्र ने बताया कि युवक ने पहले एक नेल पॉलिश पसंद की और उनके पुत्र खुश को 500 रुपये का नोट दिया। इसके तुरंत बाद उसने बहाना बनाकर नोट वापस ले लिया। इस प्रक्रिया को युवक ने बार-बार दोहराया। युवक ने नोट को कभी दिया और कभी वापस लिया, जिससे खुश भ्रमित हो गया। इसी भ्रम की स्थिति का फायदा उठाते हुए शातिर ने चालाकी से गल्ले से 1500 रुपये निकाल लिए और भाग गया।
जितेंद्र दुकान पर लौटे और गल्ले का हिसाब मिलाया तो उसमें 1500 रुपये कम थे। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।