अनूपशहर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन काम के विरोध में बुधवार प्रदर्शन किया। अपनी समस्याओं के संबंधित ज्ञापन बाल विकास परियोजना अधिकारी अनूपशहर को सौंपा।
आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी सहायिका संगठन की सदस्य कुसुम ने बताया कि कार्यकर्ताओं के पास 5जी मोबाइल और मोबाइल डेटा की सुविधा नहीं है। इससे पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों की फीडिंग, वजन, होम विजिट और टीएचआर जैसी जानकारियां दर्ज नहीं हो पा रही हैं। कार्यकर्ताओं को दिए गए 2जी मोबाइल पोषण ट्रैकर को सपोर्ट नहीं करते हैं। कम मानदेय के कारण वे खुद 5जी मोबाइल खरीदने में असमर्थ हैं।
कार्यकर्ताओं की मांग है कि ऑनलाइन कार्य के लिए 2500 रुपये और 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाए। साथ ही समय पर मानदेय का भुगतान करने समेत अन्य समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। इस दौरान अंजू,सीमा पवार, मीनू शर्मा व मीरा राघव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।