-दिल्ली से चरस लाकर ट्रक और टेंपो चालकों को बेचता था आरोपी
-चोरी की स्कूटी भी बरामद, हत्या समेत आठ मुकदमे दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने 50 लाख की चरस के साथ दीपक अगरौला गैंग के सदस्य मदन उर्फ बच्ची निवासी अगरौला को गिरफ्तार किया है। आरोपी तस्कर के कब्जे से एक किलो 10 ग्राम चरस और दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी बरामद की है।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि बरामद चरस की बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपी दिल्ली से चरस लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ट्रक व टेंपो चालकों को बेचता था। मंगलवार तड़के खड़खड़ी रोड स्थित अंडरपास के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर उसने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया तो उसे टीम ने दबोच लिया। जांच में स्कूटी दिल्ली के गाजीपुर इलाके से चोरी होना पाया गया। इस संबंध में वहां चोरी का मुकदमा दर्ज है। आरोपी मदन ने पूछताछ में बताया कि 20 दिन पहले गाजीपुर, दिल्ली से स्कूटी चोरी की थी। उसके बैग की तलाशी लेने पर दो पैकेट में रखी एक किलो 10 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में खजूरी फ्लाईओवर के पास से चरस लाता था और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट के दो और स्कूटी चोरी का एक मुकदमा समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है।