हापुड़। मेरठ बुलंदशहर मार्ग को 4 लेन करने का कार्य शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी एक साल के अंदर 8.3 किलोमीटर सड़क बनाएगा। इसके लिए शासन से 47.84 करोड़ का बजट स्वीकृत हो गया है, प्रथम किस्त के रूप में 16.74 करोड़ रुपये मिल गए हैं। वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, दुर्घटनाएं भी कम होंगी।
मेरठ से बुलंदशहर तक नया बाईपास बनने के बाद पुराने हाईवे पर वाहनों की संख्या घटी है। लेकिन सिंगल रोड (सात मीटर चौड़ी) होने के कारण इस पर हादसे बढ़े हैं। हापुड़ से बुलंदशहर की ओर जाने पर अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो चुकी है। ऐसे में जाम की समस्या भी रहती है।
धीरखेड़ा से बुलदंशहर रोड बाईपास (निकट सोना पेट्रोल पंप) तक की सड़क अब पीडब्ल्यूडी के हैंडओवर कर दी गई है। इसके चौड़ीकरण के लिए पूर्व में प्रस्ताव गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। कुल मिलाकर हापुड़ जिले की सीमा में आने वाली 8.3 किलोमीटर दूरी की सड़क का चौड़ीकरण अब शुरू हो गया है।
बता दें कि पहले इस सड़क की कुल चौड़ाई सात मीटर थी, बीच में कोई डिवाइडर भी नहीं था। जिस कारण वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी होती थी। अब इसकी चौड़ाई बढ़कर 14 मीटर हो जाएगी। दो लेन से पूरी सड़क 4 लेन होगी, धीरखेड़ा से आगे मेरठ का पीडब्ल्यूडी विभाग इस पर कार्य शुरू करेगा, जोकि पांची के सामने स्थित बाईपास तक इस पर कार्य होगा।
-
-बुलंदशहर रोड का अतिक्रमण हटाना होगा चुनौती-
बुलंदशहर रोड के दोनों ओर अतिक्रमण है, वाहनों का आसानी से निकल पाना भी मुश्किल होता है। इस क्षेत्र से अतिक्रमण को हटाना भी विभाग के लिए चुनौती होगा। क्योंकि सीवर लाइन डालने के दौरान भी अतिक्रमण से परेशानी होती थी।
-
-एक साल में पूरा हो जाएगा चौड़ीकरण का कार्य-
मेरठ बुलंदशहर रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। एक साल में यह कार्य पूरा करा लिया जाएगा, 16.74 करोड़ प्रथम किस्त के रूप में मिल गए हैं। सड़क 4 लेन होने से वाहनों के आवागमन में सुविधा होगी।नरेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी।
-