घूस लेने के लिए छह माह से औद्योगिक कनेक्शन देने में मनमानी कर रहे अफसरों को एमडी ने कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद अफसरों ने आनन-फानन में कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी।
बुलंदशहर सीमा क्षेत्र से सटे मौसमगढ़ गांव में एक औद्योगिक इकाई लगाई गई थी। इसमें 80 केवीए के कनेक्शन के लिए उपभोक्ता करीब एक साल से विभाग के चक्कर लगा रहा था।
करीब छह माह पहले बुलंदशहर के तत्कालीन एक्सईएन एके सिंह ने कनेक्शन आवंटित करने के निर्देश दे दिए थे। कुछ दिनों बाद एक्सईएन का तबादला हो गया, लेकिन उपभोक्ता को कनेक्शन नहीं मिला।
इसके बाद उपभोक्ता ने एमडी विजय विश्वास पंत से इसकी शिकायत की। बताया कि कारपोरेशन के अफसर कनेक्शन शुरू कराने के लिए दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
एमडी ने बृहस्पतिवार सुबह अफसरों को फोन पर कड़ी फटकार लगाई। कार्रवाई की चेतावनी दी। इसका असर यह हुआ कि कारपोरेशन अफसरों की पूरी फौज मौसमगढ़ पहुंच गई। छह माह से अटकाए गए कनेक्शन को आनन-फानन में जोड़ दिया गया।
कार्रवाई के डर से काम पर लौटे ‘लापता’ जेई
पदभार संभालने के बाद सरकारी मोबाइल नंबर बंद कर लापता चल रहे जेई कार्रवाई की सुगबुगाहट लगते ही दफ्तर में हाजिर हो गए।
अधीक्षण अभियंता के दफ्तर में हुई बैठक में एसई ने एक्सईएन को जेई के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके बाद जेई ने एक्सईएन दफ्तर पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया।
जहांगीराबाद टाउन जेई पद पर सितंबर माह में एक और नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति के बाद जेई ने पदभार संभाला था।