मरीजों की सुविधाओं के लिए करोड़ों की लागत से बन रहे मैटरनिटी विंग को स्वतंत्रता दिवस के दिन आम जनता को समर्पित किया जाएगा। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने इस बाबत सीएमओ और निर्माणदायी संस्था को निर्देश दिए हैं।
जिला अस्पताल में 20 करोड़ की लागत से मैटरनिटी विंग का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश मेें अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसका निर्माण कार्य काफी तेजी से कराया जा रहा है। एक साल के भीतर ही बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य करीब 75 फीसदी पूरा हो चुका है।
विधानसभा चुनाव में इसका श्रेय लेने के लिए सपा सरकार इसे जल्द से जल्द शुरू कराना चाहती है। इसको देखते हुए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने सीएमओ और निर्माणदायी संस्था को इसे स्वतंत्रता दिवस तक शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के निर्देश के बाद मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य और तेज करा दिया गया है।
लाखों मरीजों को होगा फायदा
20 करोड़ की लागत से बन रही मैटरनिटी विंग के शुरू हो जाने से जनपद के लाखों मरीजों को काफी फायदा होगा। मैटरनिटी विंग में कई बड़ी बीमारियों की सर्जरी के अलावा सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, कलर एक्सरे समेत तमाम सुविधाएं मरीजों के लिए मुफ्त में मौजूद होंगी।
20 करोड़ की लागत से बन रही मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। समय-समय पर इसका निरीक्षण किया जा रहा है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने इसे स्वतंत्रता दिवस के दिन जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए है। निर्माणदायी संस्था को इस बाबत अवगत करा दिया गया है। - डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ