अबकी बार खास नहीं आम, मंडी में दाम 15 रुपये किलो
बुलंदशहर। फलों का राजा आम अबकी बार आम उत्पादक किसानों के लिए खास फायदे का सौदा नहीं है। मंडी में आम के दाम 15 रुपये किलो हैं। आम उत्पादकों और कारोबारियों का कहना है कि बंपर पैदावार की वजह से भाव अच्छा नहीं मिल पा रहा। बीते वर्ष मंडी में थोक में आम 30 रुपये किलो तक बिक गया था।
जिले मे 14 हजार हेक्टेयर में बाग के बाग हैं। यहां प्रत्येक वर्ष 250 लाख मीट्रिक टन से अधिक आम का उत्पादन होता है। स्याना फल पट्टी के आम की मांग विदेशों में भी है। बीते वर्ष करोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन होने से आम बाहर नहीं जा सका।इसके बावजूद थोक मंडी में 30 रुपये किलो तक का भाव मिल गया था। अबकी बार फसल अच्छी है। किसानों को उम्मीद थी कि इस बार आम का भाव भी अच्छा मिलेगा। लेकिन बहार का सीजन होने के चलते ऐसा नहीं हो पाया। आम उत्पादक किसानों औरन व्यापारियों का कहना है कि यदि आम को बाहर भेज रहे हैं तो भी लागत नहीं निकल पा रही है।
अब वो मिठास कहां
मंडी में आम 15 रुपये किलो बिक रहा है। जबकि पिछले वर्ष आम 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक बिका था। इस बार आम का मूल्य कम होने से इस बार काफी नुकसान हो रहा है। - बागान किसान, काजी मोहम्मद तकी।
मंडी में आवक ज्यादा
आम की अच्छी फसल होने पर मंडी में आम ज्यादा आ रहा है। इसके चलते आम के दाम काफी कम हैं। दिल्ली आदि राज्यों में वह आम ले जा रहे हैं, लेकिन वहां ले जाने पर काफी खर्चा आ रहा है। - बागान किसान, मोहम्मद युनूस।
लागत नहीं निकल रही
इस बार आम के दाम मंडी में बहुत कम हैं। आम को रोग और कीटों से बचाने के साथ अन्य खर्च की भरपाई होने की भी कम संभावना बन रही है। - बागान किसान, आदिल चौधरी।
मंदी से बढ़ा संकट
इस बार आम की फसल को देख उम्मीद थी कि पिछली बार हुए नुकसान की भरपाई हो जाएगी। दाम कम होने की वजह से जो फसल पर खर्च किया है वह भी नहीं निकल रहा है। - आम व्यापारी, लायक राम सिंह।