करंट की चपेट में आने से आस मोहम्मद गंभीर रूप से झुलस गया। करंट इतना तेज था कि कैंटर के टायरों में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देख आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पाइप को एचटी लाइन से अलग किया और टायरों में लगी आग को बुझाया।
इस दौरान दुकान पर मौजूद आस मोहम्मद के पिता जरीफ खां अपने बेटे को झुलसता देख बेहोश हो गए। परिजनों ने घायल आस मोहम्मद को तुरंत स्याना के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर नरसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरने का प्रयास किया। शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद वे मान गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाई टेंशन लाइनों की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।