औरंगाबाद थाने पर गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करते सुरजावली के ग्रामीण।
- फोटो : bulandshahar
औरंगाबाद। थाना क्षेत्र के गांव सुरजावली में वृद्ध किसान महावीर सिंह की हत्या के मामले को चार दिन बीत चुके हैं लेकिन, पुलिस अभी तक वारदात का खुलासा तो दूर बदमाशों की शिनाख्त तक नहीं कर सकी है। विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को थाने पर पहुंच कर खुलासे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया और जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही।
थाना क्षेत्र के गांव सुरजावली निवासी वृद्ध किसान महावीर सिंह लोधी की 24 मई की रात को पिटाई करने के बाद अज्ञात बदमाशों ने फीते से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। 25 मई की सुबह उनका शव बरामद हुआ था। मृतक के पुत्र ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। साथ ही पुलिस के समक्ष आशंका जताई थी की पिता की हत्या रुपयों के लेनदेन को लेकर की गई है। हत्या का शक पड़ोसी गांव के लोगों पर जताया था। पीड़ित परिजनों का कहना है कि घटना को चार दिन का वक्त बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। अभी तक हत्यारों की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। इसी के चलते शनिवार को बड़ी संख्या में गुस्साए ग्रामीण एकत्रित होकर औरंगाबाद थाने पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था की पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नही कर रही है। पुलिस ने मृतक से लूटे मोबाइल की सीडीआर भी नही निकलवाई है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि खुलासे के लिए एसओजी समेत थाना पुलिस की टीम को भी लगाया गया है।