जैन समाज ने मंगलवार को जैन धर्म के तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती हर्षोल्लास से मनाई। जैन मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने शहर में पालकी यात्रा निकालकर अहिंसा का संदेश दिया। जयंती पर जैन समाज के लोगों ने उपवास रखा। सुबह छह बजे से जैन मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई।
करीब नौ बजे तक भक्तगण मंदिर में पूजा-अर्चना में जुटे रहे। लाल कुंआ स्थित जैन मंदिर से भगवान महावीर स्वामी की पालकी यात्रा की शुरू की गई। यात्रा अंसारी रोड, मालवीय मार्ग, डिप्टी गंज, बूरा बाजार, सराफा बाजार से होते हुए लाल कुंआ जैन मंदिर पर संपन्न हुई।
यात्रा के अंतिम दौर तक भक्तगण भजनों पर झूमते रहे। यात्रा संपन्न होने के बाद शाम करीब सात बजे महिला, पुरुष और बच्चों ने भजन-कीर्तन किया। इस मौके पर जैन समाज के अध्यक्ष वीर सैन जैन, कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप जैन, कैलाश चंद्र जैन, सलेख चंद्र जैन, पवन जैन, धमेंद्र जैन, जंबू प्रसाद जैन, विमल प्रसाद जैन, मुकेश जैन, राजेश जैन, प्रमोद जैन, आनंद जैन, प्रखर जैन, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।
महावीर जयंती पर खुर्जा और सिंकदराबाद में भी शोभायात्रा निकाली गई। खुर्जा में नगर भ्रमण के बाद यात्रा बिंदा वाला चौक स्थित जैन मंदिर पर संपन्न हुई। व्यवस्थापकों में गोपाल जैन, रोहित जैन, मुकेश, अशोक, अनिल जैन, राधेश्याम, चिम्मन लाल, अशोक, किशन रहे।
सिकंदरबाद में जैन मंदिर में भगवान महावीर का पूजन किया गया। विमल जैन, कमल जैन, नितिन जैन, अदिशवर जैन, संजय जैन, अनिल जैन आदि रहे। अनूपशहर में परंपरागत रूप से शोभायात्रा निकाली गई। कुशलचंद जैन, अनिल जैन, विनोद जैन, अजय जैन आदि रहे। डिबाई में प्राचीन जैन मंदिर में लोगों ने भगवान श्री महावीर की पूजा अर्चना की। अशोक कुमार जैन, दौलतराम जैन, सतीश रहे।
पुलिस ने बंद कराई मीट की दुकानें
महावीर जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर पुलिस ने जीटी रोड, दिल्ली दरवाजा, बकर कसाबान आदि में मीट विक्रेताओं, मीट के होटलों को बंद करवा दिया। साथ ही शोभायात्रा के दौरान दुकानें खोलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
घंटेभर जाम से जूझते रहे लोग
भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर नगर में मंगलवार को निकाली गई पालकी यात्रा के दौरान बूरा बाजार चौराहे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। कड़ी धूप में राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे। करीब 12 बजे पालकी यात्रा बूरा बाजार चौराहे पर पहुंची। यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण वाहनों का अावागमन रूक गया। धीरे-धीरे बूरा बाजार वाली गली, देवीपुरा मार्ग, काली नदी मार्ग और डिप्टी गंज मार्ग की ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई।
जाम में फंसे लोग गर्मी से बेहाल रहे। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक बजे किसी तरह जाम खुलवाया। दुकानदार रामकुमार गर्ग, सतीश कुमार, रविकांत और मनमोहन सिंह आदि ने कहा कि शोभा यात्राओं के दौरान पुलिस की व्यवस्था न होने के कारण जाम की स्थिति पैदा होती है।
दुकानदारों ने ऐसे कार्यक्रमों के दौरान पुलिस व्यवस्था की मांग की। सिकंदराबाद में भी शोभायात्रा निकलने से हाईवे पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक जाम में फंसने के कारण लोग तेज धूप में बिलबिला उठे।
शोभायात्रा निकलने के कारण दनकौर तिराहे पर गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया। इससे थोड़ी ही देर में औद्योगिक क्षेत्र तक वाहनों का तांता लग गया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।