एसपी देहात डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि 30 जून को जहांगीराबाद के गांव खालौर के ईख के खेत में गांव निवासी कपिल सिंह का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बृहस्पतिवार सुबह एक सूचना पर अनूपशहर मार्ग पर जटपुरा रजवाहे की पुलिया के पास से एक महिला और उसके पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आरती, उसके पति देवेंद्र निवासी गांव खालौर, भाई हर्ष सिरोही निवासी गांव सैदपुर थाना बीबीनगर और भाई के साथी अनूप निवासी मुरादाबाद थाना सिकंदराबाद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक संडासी, एक बाइक और अनूप की खून से सनी हुई कमीज बरामद की है।
एसपी देहात ने बताया कि बीते करीब एक साल से कपिल के अवैध संबंध आरोपी देवेंद्र की पत्नी आरती से थे। दोनों के बीच मनमुटाव होने के कारण आरती उसे अपने पास आने के लिए मना करती थी, लेकिन कपिल उसके पति एवं बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर जबरन उसके पास आता था।
हत्यारोपी प्रेमिका का कबूलनामा
पूछताछ में महिला ने बताया कि कपिल अब जबरन महिला से संबंध रखने का दबाव बना रहा था, जबकि महिला अब बदनामी के डर से उससे अलग होना चाहती थी। इसी के चलते उन्होंने मिलकर रात में करीब डेढ़ बजे हत्या कर शव को खेत में ले जाकर फेंक दिया।
हत्या की पहले ही रच ली गई थी साजिश
गांव में बदनामी के डर से देवेंद्र ने पत्नी आरती, पत्नी के भाई हर्ष और हर्ष के दोस्त अनूप के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत 30 जून की शाम को ही आरती का भाई हर्ष और उसका साथी अनूप घर में आ गए थे। जबकि, पेट्रोल पंप पर नौकरी करने वाला पति देवेंद्र उस दिन ड्यूटी पर नहीं गया था।
बारिश में धुल गया था खून, जांच कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि वारदात वाले दिन रात को काफी बरसात हुई थी। जिसके चलते जब आरोपी शव को फेंकने के लिए गए थे। सड़क व आसपास गिरे खून के धब्बे बारिश के पानी से धुल गए थे। इस कारण शव को बरामद करने में भी करीब 18 घंटे का समय लग गया था।