सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र के गांव गोपालपुर में पुलिस चेकपोस्ट के पास प्रेमी युगल रविवार को बेहोश होकर गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया। बेहोश होने से पूर्व दोनों ने बताया कि वह एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और जहर खाया है। हालांकि अधिकारी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं। दोनों ही डिबाई थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले हैं।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब सात बजे औद्योगिक क्षेत्र में गोपालपुर चेक पोस्ट के निकट दादरी की ओर से युवक व किशोरी पैदल ही आ रहे थे। अचानक दोनों उल्टियां करने लगे। चेकपोस्ट पर तैनात होमगार्ड और राहगीरों के पूछने पर उन्होंने बताया कि वह एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। इतना कहते हुए दोनों बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां दोनों की शिनाख्त उनके पास मिले दस्तावेज के आधार पर डिबाई कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में हुई। गांव में दोनों का घर करीब 70 मीटर की दूरी पर है।
पुलिस ने शिनाख्त के बाद दोनों के परिजनों को मामले की सूचना दी। परिजन सिकंदराबाद पहुंचे और दोनों को मेरठ ले गए। परिजनों ने बताया कि युवक 10 मार्च को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। जबकि, किशोरी भी 11 मार्च से लापता थी। पुलिस ने 14 मार्च को दोनों की गुमशुदगी दर्ज की थी। परिजनों ने बताया कि उनकी गांव गोपालपुर में कोई रिश्तेदारी नहीं है। वह दोनों यहां किसके पास रह रहे थे, इसका पता नहीं लग सका है। सीओ ने बताया कि मामले में अभी न तो कोई तहरीर मिली है और न ही परिजनों ने कोई आरोप लगाया है। डिबाई कोतवाली में 14 मार्च को किशोरी की गुमशुदगी दर्ज है। दोनों के होश में आने पर बयान दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।