शादी में हुई थी दोनों की मुलाकात
स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की औरंगाबाद के एक गांव में रिश्तेदारी है। यहां एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात कुछ समय पूर्व एमए की छात्रा से हुई। धीरे-धीरे दोनों का प्रेम प्रसंग परवान चढ़ा और मामला कोर्ट मैरिज तक पहुंच गया। हालांकि, जब छात्रा के परिजनों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने विरोध किया और युवक को दूर रहने की हिदायत दी।
पेट्रोल छिड़ककर टावर पर चढ़ा प्रेमी
युवक लगातार परिजनों को जान देने की धमकी दे रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे युवक गांव पहुंचा और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर टावर पर चढ़ गया। उसने छात्रा के पिता को फोन कर इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही औरंगाबाद थाना प्रभारी पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक बार-बार खुद को आग लगाने और नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। उसकी एक ही शर्त थी जब तक प्रेमिका नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
प्रेमिका से बातकर नीते उतरा
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने छात्रा को मौके पर बुलवाया और फोन के जरिए युवक से उसकी बात कराई। छात्रा के समझाने और पुलिस के आश्वासन के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने उसके पास से पेट्रोल की केन बरामद की है।
दोनों कर चुके पहले कोर्ट मैरिज
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन अब छात्रा युवक के साथ रहने को तैयार नहीं है। छात्रा की तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।