प्रेम संबंधों के शक में पत्नी पर फायरिंग
खानपुर। क्षेत्र के एक गांव में पत्नी पर प्रेम संबंध के शक में पति ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर अभद्रता कर दी और फरार हो गए। देर रात में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि आरोपी के भाई एसएसपी को शिकायत भेजकर पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है।
पुलिस को शिकायत देकर सोनिया सिंह ने बताया कि छह माह पहले उसकी शादी माधवगढ़ निवासी सूबे सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास व ससुर उस पर प्रेम संबंध होने का शक करते हुए आए दिन मारपीट करते थे। आरोप है कि शुक्रवार सुबह प्रेम संबंध के शक में आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपी पति ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पुलिस से अभद्रता करते हुए फरार हो गए। देर रात्रि पुलिस ने आरोपी सूबे सिंह को अवैध तमंचे के साथ धर दबोचा। वहीं एक आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सूबे सिंह, रघुवती और सोमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
फौजी ने लगाया पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप
शुक्रवार को पति-पत्नी के विवाद में आरोपी सूबे सिंह के भाई मुकेश फौजी ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। फौजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि शुक्रवार रात्रि 10 बजे थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार अपने अधीनस्थों के साथ घर पर आ गए। भाई सूबे सिंह के न मिलने पर उसकी मां के साथ अश्लीलता की व सिपाहियों ने उसके सिर पर रायफल की बट से हमला कर घायल कर दिया। बाद में गांव वालों के एकत्रित होने पर पुलिसकर्मी मौके से चले आए। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहले से जानलेवा हमले में वांछित है सूबे सिंह
पुलिस के मुताबिक पत्नी पर जानलेवा हमला करने का आरोपी सूबे सिंह पूर्व में भी एक जानलेवा हमले के मामले में नामजद है। गांव हसनपुर निवासी विनोद राघव ने मार्च माह में सूबे सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में आरोपी अभी भी गिरफ्तारी बाकी है।
आरोपी सूबे सिंह पूर्व में दर्ज एक मामले में वांछित है। जिसके चलते पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई थी। आरोपी के भाई ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। जिसके चलते मामले की जांच सीओ स्याना को दी गई है। शिकायत करने वाले को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया है। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसपी सिटी