लूट का शिकार सब्जी विक्रेता बंटी।
- फोटो : SIKANDRABAD
सब्जी विक्रेता से मारपीट कर नगदी और बाइक लूटी
ककोड़। मंडी से सुबह सब्जी खरीदकर लौट रहे बाइक सवार चार बदमाशों ने मारपीट करते हुए चार हजार की नगदी और बाइक लूट ली। घटना के ककोड़, रबूपुरा की सीमा पर होने के कारण घंटों मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। बाद में मामले की रिपोर्ट कोतवाली रबूपुरा में दर्ज की गई। झाझर निवासी बंटी पुत्र भूपाल सिंह ने बताया कि गांव में ही उसकी सब्जी की दुकान है। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपनी बाइक से सब्जी की खरीदारी करके ककोड़ से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह चचूरा भट्ठे के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर आ रहे चार लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। उसके बाइक रोकने पर उक्त चारों लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया कि चारों लोग उससे चार हजार की नगदी और बाइक लूटकर फरार हो गए। घटना थाना ककोड़ रबूपुरा की सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामला सीमा विवाद में उलझ गया। दोनों थानों की पुलिस ने घटना पर मापतौल शुरू कर दी। बाद में गौतमबुद्धनगर से पहुंचे पुलिस अधिकारी के आदेश पर पीड़ित के भाई ओमवीर की तहरीर पर रबूपुरा पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। वहीं बंटी ने बताया कि कुछ लोगों ने ककोड़ मंडी में कारोबार के बारे में पूछताछ करते हुए बाइक के बारे में पूछा था कि बाइक फाइनेंस कराई है अथवा नकद ली है। संभवत इन्हीं लोगों ने उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
ग्रामीणों ने पीआरवी पर लगाया लापरवाही का आरोप
चचूरा के ग्रामीणों ने बताया कि घटना स्थल रबूपुरा कोतवाली के अंतर्गत आता है। जहां पर गौतमबुद्धनगर की पीआरवी पुलिस की तैनाती रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि पीआरवीकर्मी गाड़ी को खड़ी कर आराम फरमाते हैं। जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वह नहर के आसपास वारदात को अक्सर अंजाम देते हैं।