खुर्जा के ख्वेशज्ञान मोहल्ला निवासी मैराज खान, कांस्य पदक के साथ। स्रोत- परिजन
खुर्जा। नगर के ख्वेशज्ञान मोहल्ला निवासी पॉटरी कारोबारी मैराज अहमद खान ने बुधवार को एशियन गेम्स में निशानेबाजी में पुरुष स्कीट टीम में कांस्य पदक अपने नाम किया। चौथी बार एशियन गेम्स में प्रतिभाग कर रहे मैराज के पदक जीतने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
मोहल्ला निवासी सीराज खान ने बताया कि वह तीन भाई हैं। सबसे बड़े नजम और फिर मैराज व सबसे छोटे वह खुद हैं। तीनों भाई का संयुक्त रूप से पॉटरी और खाद्य पदार्थ का कारोबार है। उनके बड़े भाई मैराज खान को बचपन से ही निशानेबाजी का शौक था। उन्होंने उसे ही अपना हुनर बना लिया।
इसी हुनर वह देश- विदेश में अपना परचम लहरा रहे हैं। जापान के टोक्यो में आयोजित एशियाई खेलों में मैराज खान ने शॉटगन पुरुष स्किट में भाग लिया था। बुधवार को उनकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। लोगों ने मैराज के परिजनों को बधाई दी।
दो बार ओलंपिक और चार बार खेल चुके हैं एशियन गेम्स :-
भाई सिराज खान ने बताया कि मैराज ने वर्ष 2016 को ब्राजील और वर्ष 2021 में जापान में हुए ओलंपिक गेम्स में निशानेबाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। चार बार एशियन गेम्स में खेल चुके हैं। वहीं, मैराज खान निशानेबाजी में 12 बार नेशनल चैंपियनशिप जीत चुके हैं। इसके अलावा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक जीत चुके हैं।
करीब 25 सालों से कर रहे निशानेबाजी, इटली में रहे प्रशिक्षण :-
भाई सिराज ने बताया कि मैराज खान बीते करीब 25 सालों से निशानेबाजी कर रहे हैं। वर्तमान में वह दिल्ली में ही रहते हुए कारोबार संभालते हैं। इसके अलावा इटली में निशानेबाजी का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिसके चलते काफी समय इटली में भी रहते हैं। एशियन गेम्स के बाद खुर्जा लौटने पर उनका स्वागत किया जाएगा।