एआरटीओ ऑफिस पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लगी लाइन।
- फोटो : BULANDSHAHR
लर्निंग लाइसेंस प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 20 पास, पांच फेल
बुलंदशहर। दो माह बाद लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया मंगलवार को बहाल कर दी गई। पहले दिन मंगलवार को 25 लोग लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया में शामिल हुए। कोरोना संक्रमण के चलते लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया दो माह से स्थगित चल रही थी। अब प्रतिदिन 200 स्लॉट के तहत आवेदक लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया करवा सकेंगे। मंगलवार को 25 आवेदक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। इसमें 20 परीक्षा में पास तो पांच फेल हो गए।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमित की संख्या बढ़ने पर दो माह पूर्व ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया बंद कर दी गई थी। जिससे स्टाफ के साथ लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके। संक्रमण का ग्राफ कम होने पर 31 मई से स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अब 21 जून से शासन ने लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी बहाल कर दी। वहीं, पूर्व से बुक चल रहे स्लॉट को विभाग द्वारा निरस्त कर दिया गया। 21 जून को प्रक्रिया बहाल होने पर एआरटीओ कार्यालय में महज तीन आवेदक पहुंचे जो सर्वर न आने से बैरंग लौट गए। हालांकि तीनों आवेदकों को मंगलवार बुलाया गया। मंगलवार को कुल 200 के सापेक्ष 25 आवेदक कार्यालय पहुंचे और प्रक्रिया में शामिल हुए। एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद कय्यूम ने बताया कि प्रतिदिन 200 स्लॉट की क्षमता है। सोमवार से लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पहले दिन सर्वर न होने से परीक्षा नहीं हो सकी। दूसरे दिन मंगलवार को 25 आवेदक प्रक्रिया में शामिल हुए। बताया कि पूर्व में निरस्त हो चुके स्लॉट को आवेदक घर बैठे स्वयं ऑनलाइन कर सकते है। वहीं, ऑनलाइन फीस भी जमा कर सकते है। ऐसा करने से कार्यालय पर भीड़ भी नहीं लगेगी और आवेदक का कार्य आसानी से हो सकेगा।