बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में डीएवी फ्लाईओवर के ऊपर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में डीएवी फ्लाईओवर के ऊपर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तेलीवाड़ा निवासी 42 वर्षीय ललित कुमार शर्मा शुक्रवार की रात करीब दस बजे अपनी स्कूटी पर सवार होकर दुर्गा पुरम स्थित अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। जब वह डीएवी फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ललित कुमार शर्मा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे में स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋजुल कुमार ने बताया कि मृतक ललित का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल थाने में तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटना के बाद से ललित शर्मा के घर पर मातम छाया हुआ है।