यूपी के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर के मंदिर मार्ग पर शनिवार सुबह स्वास्तिक एक्स-रे केंद्र पर एकतरफा प्यार में टेक्नीशियन ने रिसेप्शन पर मौजूद युवती पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने युवती पर 20 से अधिक वार किए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को जटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मंदिर मार्ग स्थित स्वस्तिक लैब के संचालक तिवारी ने बताया कि खुर्जा नगर के सराय नसरुल्लाह मोहल्ला निवासी महक उनके यहां रिसेप्शनिस्ट के तौर पर कार्यरत थी। वही लखावटी गांव निवासी असद एक्स-रे लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे महक रोजाना की तरह लैब आ गई थी। करीब साढ़े नौ बजे असद रात की शिफ्ट कर घर चला गया।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे असद आया और चाकुओं से महक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। साथी कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महक को अस्पताल पहुंचाया। महक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीओ खुर्जा अनिल शाही का कहना है मामले में सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।