अब शनिवार और रविवार को खुर्जा-मेरठ (केएम) पैसेंजर ट्रेन नहीं चलेगी। सप्ताह में दो दिन ट्रेन के रद्द होने का कारण मेरठ और हापुड़ के बीच पुल निर्माण होना बताया जा रहा है। रविवार को ट्रेन के न चलने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने ट्रेन न मिलने के कारण बस से सफर तय किया।
दोपहर पौने 12 बजे खुर्जा से मेरठ जाने वाली 3 केएम और दोपहर पौने दो बजे मेरठ से आने वाली 4केएम पैसेंजर ट्रेन को सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को रेलवे ने रद्द कर दिया। रविवार को ट्रेन न चलने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई यात्री स्टेशन पहुंचे लेकिन ट्रेन रद्द होने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
कई यात्रियों ने तो बस तथा अन्य साधनों से सफर तय किया। बता दें कि रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण केएम में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रेन के रद्द होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि हापुड़-मेरठ के बीच किसी पुल का निर्माण होने से अपडाउन दोनों ट्रेनों को शनिवार और रविवार को रद्द किया गया है। अगले आदेश तक ट्रेन रद्द रहेगी।
बस यात्रियों को आज हो सकती है परेशानी
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी धरना आज सोमवार को होगा। इसके चलते आज यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। परिषद के जिलाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि परिषद के माध्यम से उत्तर प्रदेश रोडवेज परिवहन निगम से कर्मचारियों की 15 मांगे मांगी जा रही है।
इसमें सातवें वेतन आयोग की तरह राज्य कर्मचारियों को भी लाभ देने, छठे वेतन आयोग का रुका एरियर जल्द दिलाने, मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने और संविदा कर्मचारियों को परमानेंट किए जाने की मांग शामिल है।
धरना सुबह 11 बजे से दोपहर बाद चार बजे तक रोडवेज की वर्कशाप में होगा। उधर एआरएम एसपी सिंह का कहना है धरने के दौरान चालक और परिचालक भी शामिल हो सकते हैं। प्रयास किया जा रहा है कि धरने के दौरान बसों का संचालन ना रुके और यात्रियों को परेशानी ना हो। उन्होंने रणनीति बनाई है कि अधिकतर बसों को धरने से पहले ही चला दिया जाए।