नगर निवासी युवक ने विदेशी युवती संग खुर्जा में बीती रात शादी की।
- फोटो : अमर उजाला
मुझे रिश्तों की लंबी कतारों से क्या मतलब, कोई दिल से हो मेरा बस एक ही शख्स काफी है। किसी शायर की यह शायरी खुर्जा नगरी के दीपक शर्मा और रोमानिया की निकोलाता की जिंदगी पर बिलकुल सटीक बैठती है। पिछले आठ साल में पानी के जहाज क्रूज पर नौकरी के दौरान दोनों का प्रेम प्रगाढ़ होता गया।
अंत में प्यार का इस रिश्ते ने दोनों को शादी के बंधन में बांध दिया। सोमवार को परिवार की सहमति से हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों की धूमधाम से शादी हो गई। दोनों एक दूजे के लिए बन गए। नगर के मोहल्ला बुर्ज निवासी दीपक पुत्र रमाकांत शर्मा विगत आठ वर्षो से यूरोपियन कंट्री में पानी के जहाज (क्रूज) पर जॉब कर रहे हैं।
दीपक के साथ काम कर रही रुमानिया की निकोलता से दीपक की निगाहें ऐसी मिली कि दोनों का रिश्ता प्यार में तब्दील हो गया। आठ साल के दौरान दोनों ने एक दूसरे के लिए कुछ भी कर गुजरने के वादे कर डाले और शादी कर एक दूजे के लिए होने का मन बना लिया।
परिवार के लोगों को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने भी शादी के लिए सहमति की मोहर लगा दी। सोमवार देर शाम हिंदू रीति रिवाज के साथ नगर के एक मैरिज होम में दोनों ने सात फेरे लेकर एक दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया।
हांलाकि निकालाता का परिवार शादी में शामिल नहीं हो पाया। दीपक के भाई कुलदीप शर्मा ने बताया कि निकालाता के परिवार से इसके लिए सहमति ले ली गई थी। लेकिन वह किसी कारणवस नहीं आ पाए। शादी के दौरान दीपक के परिजन काफी खुश नजर आए। विदेशी युवती को देखने के लिए घर पर लोगों की भीड़ रही। विदेशी युवती की शादी की खबर नगर में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।