फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: 360 करोड़ से बन रहा खुर्जा औद्योगिक पार्क, 109 भूखंडों का जल्द होगा आवंटन

विज्ञापन
प्रा​धिकरण की कार्यशाला में मौजूद मंडलायुक्त, जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रा​धिकरण उपाध्यक्ष, डीएम, 
विज्ञापन
बुलंदशहर। खुर्जा क्षेत्र का नियोजित विकास करने के लिए बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण 360 करोड़ से खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना बना रहा है। 109 भूखंडों का आवंटन लेने के लिए बुधवार को भूड़ चौराहे स्थित एक होटल में कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें मंडलायुक्त, डीएम, उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि आदि ने उद्योगपति को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विज्ञापन

कार्यशाला का शुभारंभ मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर, डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और अनूपशहर विधायक संजय शर्मा आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रस्तुति दी।
जेवर एयरपोर्ट से 35 किमी एवं जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर खुर्जा के गांव किर्रा में 32.58 हेक्टेयर भूमि पर प्राधिकरण द्वारा बसाई जा रही पहली खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, सदर विधायक प्रदीप चौधरी, सीडीओ कुलदीप मीना व एसएसपी श्लोक कुमार ने अपने-अपने विचार रखे और योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कराने को कहा।
विज्ञापन

जिससे क्षेत्र और जिले का विकास औद्योगिक क्षेत्र में हो सके। डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना में उद्योग लगाने वाले उद्योगपति को एनओसी के लिए परेशानी नहीं होगी। उद्योगपति को राहत देने के लिए निवेश एप पर सभी सुविधाएं मिलेंगी।
प्राधिकरण सचिव ज्योत्सना यादव ने कहा कि खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना में औद्योगिक के 82 भूखंड, व्यावसायिक के 12 भूखंड, वेयर हाउस के नौ भूखंड और वर्कशॉप, कम्युनिटी सेंटर, हॉस्टल, डिस्पेन्सरी, धर्मकांटा व चाइल्ड क्रेच के लिए एक-एक भूखंड का स्थान प्रस्तावित किया गया है।
स्थानीय पर्यावरण के लिए सहायक बुनियादी ढांचा सड़क, ड्रेनेज और बिजली आपूर्ति आदि का विकास किया जा रहा है। सीईटीपी भी लगाया जाएगा। खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से तीन वर्षों में 8500 रोजगार सृजित होंगे।
जल्द होगा भूखंडों का आवंटन : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि क्षेत्र में पहली ऐसी परियोजना है जिसकी मुख्यमंत्री ने भी सराहना की है। काफी समय से इस परियोजना पर प्राधिकरण की टीम कार्य कर रही है। जल्द ही भूखंडों का आवंटन होगा। यह परियोजना जेवर एयरपोर्ट से नजदीक होने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। यहां पर फायर स्टेशन, पुलिस चौकी, बिजलीघर, धर्मकांटा आदि भी स्थापित किए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 10 फीसदी भूखंड किए आरक्षित
प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जिले में खुर्जा औद्योगिक नगरी है। यहां पर पॉटरी एवं डेयरी आदि उद्योग संचालित है। पिछले कई वर्षों से यहां किसी भी सरकारी या निजी संस्था द्वारा कोई नियोजित औद्योगिक परियोजना विकसित नहीं की गई। खुर्जा औद्योगिक पार्क योजना को खुर्जा महायोजना 2031 में भी शामिल किया गया है।
परियोजना के लिए 80 फीसदी भूमि क्रय की जा चुकी है। परियोजना के आसपास पूर्व से कई उद्योग स्थापित होने से भी उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इस योजना के विकसित होने से रोजगार के साधन बढ़ेगें। योजना को लेकर डीपीआर तैयार कर लिया है, जिसके अनुसार विकास कार्य भी कराए जाएंगे। कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 10 फीसदी भूखंड आरक्षित किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें