बुलंदशहर/ऊंचागांव/जहांगीराबाद/खानपुर/अहार/अनूपशहर/शिकारपुर। सावन की शिवरात्रि के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भोले के भक्तों को जर्जर सड़कों से होकर गुजरना पड़ेगा। स्थिति यह है कि मरम्मत के अभाव और बारिश के कारण हुए जलभराव से गड्ढे और भी बड़े हो गए। पथरीले कांवड़ मार्ग और सड़क पर पड़े कंकड़-पत्थर पर अधिकारियों का ध्यान नहीं गया। ऐसे में भोले के भक्तों को काफी परेशानी होगी।
30 जुलाई से सावन शुरू हो जाएगा। 11 अगस्त को शिवरात्रि मनाई जाएगी। शिवरात्रि के अवसर पर भोले के भक्त अनूपशहर, नरौरा, अहार, हरिद्वार समेत अन्य क्षेत्रों से कांवड़ लेने के लिए जाते हैं। हरिद्वार से भी आने वाले शिवभक्त स्याना, गुलावठी समेत कई मार्गों से होकर गुजरते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग चिह्नित करते हुए इन मार्गों की मरम्मत कराई जाती है, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्थिति यह है कि इस बार अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों को दुरुस्त कराने के लिए उचित कदम नहीं उठाया है। इसके चलते भोले के भक्तों को काफी परेशानी होगी। सोमवार को जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों की जब स्थिति का जायजा लिया गया तो पाया कि अधिकतर मार्गों की हालत काफी खराब है। इन मार्गों पर कंकड़, पत्थर के साथ गहरे गड्ढे भी बने हुए हैं। इसके चलते भोले के भक्तों को इन कांटों भरी राह से होकर गुजरना पड़ेगा।
ऊंचागांव-भगवानपुर मार्ग गड्ढों में तब्दील
ऊंचागांव-भगवानपुर मार्ग गड्ढों में तब्दील है। पिछले दिनों बारिश होने पर पानी भरने से गड्ढे बड़े हो गए। इस रास्ते से होकर बड़ी संख्या में शिवभक्त अहार स्थित गंगा घाट के लिए जाते हैं। इसके अलावा हरिद्वार समेत अन्य प्रमुख स्थानों से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त अंबकेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंचते हैं। इसकी स्थिति यह है कि इसमें गड्ढे बने हैं तो नगर की सफाई के दौरान सिल्ट डाल दी गई। इस कारण यहां से गुजरने वाले संभल और अमरोहा नगर के भक्तों को काफी परेशानी होगी। साथ ही क्षेत्र के शिवभक्तों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
खानपुर से जाड़ौल, शिवाली और सलेमपुर मार्ग बदहाल
जिले के बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से स्याना होते हुए खानपुर से जाड़ौल, शिवाली और सलेमपुर मार्ग से भी गुजरते हैं। इस मार्ग की हालत इतनी बदहाल है कि इसमें कदम-कदम पर गड्ढे बनें हैं तो उखड़ी सड़क पर बजरी बिखरी पड़ी है। ऐसे में इस मार्ग से शिवभक्तों को गुजरने के लिए काफी परेशानी होगी। वहीं, शिवाली से शिकारपुर को जाने वाले मार्ग पर भी गड्ढे होने के कारण शिवभक्तों की राह आसान नहीं होगी। क्षेत्रवासी जितेंद्र व राकेश ने बताया कि इन मार्गों की मरम्म्त के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।
जहांगीराबाद-शिकारपुर मार्ग गड्ढों में तब्दील
अहार व अनूपशहर से आने वाले शिवभक्त जहांगीराबाद-शिकारपुर मार्ग से होकर गुजरते हैं। इस मार्ग की हालत इस समय इतनी खराब है कि इसमें कदम-कदम पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इस मार्ग के चौड़ीकरण व मरम्मत के लिए राशि जारी हो चुकी है लेकिन अभी तक काम नहीं होने के कारण इसका खामियाजा शिवभक्तों को उठाना पड़ेगा। वहीं, लेमपुर-आंचरू कला व सतपुरा-पुंडरी कला संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का काम भी अधर में लटका है।
चौड़ीकरण के नाम पर खुदी पड़ी सड़क बनेगी परेशानी का सबब
अनूपशहर में लोक निर्माण विभाग की ओर से बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग से अनूपशहर-अलीगढ़ मार्ग पर करनपुर से बाईपास रोड होते हुए कर्णवास मोड़ तक पांच किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। चौड़ीकरण के नाम पर सड़क के दोनों ओर की पटरियों को एक साथ खोदकर छोड़ दिया गया है, जबकि एक साइड की पटरी का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद दूसरी तरफ की खुदाई की जानी चाहिए थी। महीनों से खुदी पड़ी हुई सड़क पर निर्माण कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। यहां पर आठ अगस्त से कांवड़ मेला शुरू हो जाएगा। ऐसे में कांवड़ लेने के लिए आने वाले भक्तों को परेशानी होगी।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राहुल शर्मा का कहना है कि बारिश के कारण गड्ढा मुक्ति अभियान में देरी हो रही है। योजना तैयार की जा चुकी है और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।