संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। भाजपा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ दायर वाद में अब 28 नवंबर को सुनवाई होगी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कंगना कोर्ट में पेश नहीं हुई। कोर्ट ने अगली तारीख पर सुनवाई करने के आदेश दिए हैं। न्यायाधीश ने कंगना के तीन पतों पर नोटिस जारी कर उन्हें कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए हैं।
भाकियू के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री गजेंद्र शर्मा ने सांसद कंगना रनौत के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया था। आरोप लगाया है कि तीन कृषि कानून को लेकर किसानों द्वारा किए गए आंदोलन को लेकर कंगना ने बयान दिया था कि आंदोलन के दौरान किसानों ने मौके पर ही हत्या, महिलाओं से दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। कंगना के बयान के खिलाफ गजेंद्र शर्मा की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में वाद दायर किया गया है। कोर्ट की ओर से कंगना को समन जारी कर शुक्रवार को पेश होने के निर्देश दिए गए थे लेकिन, कंगना कोर्ट में पेश नहीं हुई। जिसके चलते अब अगली सुनवाई के लिए 28 नवंबर की तारीख तय की है।