पुलिस और प्रशासन की टीम ने सोमवार को काला आम चौराहे से काली नदी के पास मंडी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों की अफसरों ने नोकझोंक भी हुई।
इससे थोड़ी देर के लिए माहौल गरमा गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान पांच दिन तक चलेगा। ट्रैफिक भार का हवाला देते हुए एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव ने पांच दिन तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का आदेश दिया था।
सोमवार को पुलिस और प्रशासन की टीम काला आम चौराहे पर पहुंची। यहां से मोतीबाग होते हुए काली नदी के पास मंडी तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। गुड़ मंडी के पास कर्मचारियों ने रोड साइड सरकारी हैंडपंप तोड़ दिया।
जिसका व्यापारियों ने विरोध किया। व्यापारियों ने अफसरों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव का आरोप भी लगाया। इससे थोड़ी देर तक अफसर और व्यापारियों के बीच सड़क पर गहमागहमी हुई। अफसरों ने दुकान और शोरूम के सामने फुटपाथ पर बना अतिक्रमण हटाया।
मोतीबाग, डिप्टी गंज और काली नदी के पास गुड़ मंडी तक दोनों साइडों में अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, ईओ नगर पालिका, सीओ सिटी, सिटी कोतवाल आदि मौजूद रहे।
वहीं, खुर्जा में सोमवार को एसडीएम इंदूप्रकाश सिंह और सीओ आरएल निरंजन ने फोर्स संग कचहरी मार्ग पर अतिक्रमण हटवाया। पीले पंजे की मदद से कई स्थानों पर अवैध अतिक्रमण को चिहिंत कर हटवाया।