बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे दंपति को अनुबंधित बस ने कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल पति व दो बच्चों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। दंपति के रिश्तेदार ने आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इठेड़ा जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी अशोक पुत्र नरेश ने बताया कि सोमवार सुबह इठेड़ा थाना बिसरख जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी बुआ का लड़का ओमवीर यादव (28) पुत्र अजब सिंह यादव पत्नी संतोष (22) बेटे यश (2) भतीजे शुभम डेढ़ वर्ष को लेकर बाइक से बौढ़ा गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे।
इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे ईदगाह मोड़ पर डाक बंगले के पास कौशांबी डिपो की तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरी संतोष के सिर बस के पहिये से कुचल गया, जिससे संतोष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि ओमवीर व दोनों बच्चे घायल हो गए। संतोष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।