खुर्जा नगर मृतक जितेंद्र कुमार का फाइल फोटो।
बुलंदशहर। गत 19 जुलाई को खुर्जा नगर रेलवे स्टेशन के पास मिला शव गांव रजला मऊ जनपद कन्नौज निवासी जितेंद्र कुमार (35) का था। बृहस्पतिवार को मोर्चरी पहुंचे मृतक के भाई धर्मेंद्र ने शव की शिनाख्त अपने भाई जितेंद्र कुमार के रूप में की।
धर्मेंद्र ने बताया कि जितेंद्र कुमार खुर्जा में पॉटरी में कार्य करते थे। 18 जुलाई को उनकी पत्नी उनके पास से गांव आई थी। 20 जुलाई से जितेंद्र कुमार का फोन मिलाते रहे, मगर उनका फोन नहीं मिला।
वह बृहस्पतिवार को खुर्जा पहुंचे और कोतवाली में जितेंद्र कुमार की गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस के अज्ञात शव मिलने की जानकारी देने पर वह मोर्चरी पहुंचे और उन्होंने जितेंद्र कुमार की शिनाख्त की।
बताया कि जितेंद्र कुमार के साथ काम करने वाले साथियों से जानकारी करने पर पता चला कि 19 जुलाई की शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी की और जितेंद्र कुमार को खुर्जा नगर रेलवे स्टेशन के पास ही छोड़कर आ गए थे। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र कुमार का शव रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक के पास पड़ा मिला।
परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस से जांच की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया यह हादसा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।