सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे-34 पर बिलसूरी फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ज्वैलरी शॉप के मैनेजर की मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजन शव को देखते ही बिलख उठे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बुलंदशहर के मोहल्ला साठा निवासी मोहित कुमार ने बताया कि उनके भाई सौरभ (36वर्ष) एमएल ज्वैलर्स में मैनेजर पद पर कार्यरत थे। सौरभ कंपनी की एक बैठक में शामिल होने के लिए रविवार को नोएडा गए थे और देर रात बाइक से बुलंदशहर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे बिलसूरी फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई ने बताया कि सौरभ परिवार में सबसे छोटे और अविवाहित थे।
सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर वाहन चालक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।