खुर्जा। क्षेत्र की न्यू शिवपुरी कॉलोनी में शनिवार रात को ताला तोड़कर मकान से चोरों ने पांच हजार की नकदी और करीब आठ लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार निजी कार्य से दिल्ली गया हुआ था। तड़के सुबह पड़ोसियों ने उनको ताला टूटने की सूचना दी। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
न्यू शिवपुरी के गली नंबर-11 निवासी हरी ओम मीणा ने बताया कि उनकी सास का घर कॉलोनी में ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय के पास है। शनिवार दोपहर को उनकी सास और साली निजी कार्य से दिल्ली गए थे। रविवार सुबह तड़के तीन बजे पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा और दरवाजा खुला देखा। इस पर पड़ोसियों ने हरीओम की सूचना दी। हरीओम मौके पर गए तो देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित ने इसकी सूचना 112 पर पुलिस को दी और सास को फोन कर चोरी की जानकारी दी। सास सुबह करीब छह बजे घर आ गई। उन्होंने देखा कि घर के अंदर से पांच हजार रुपये की नकदी, तीन सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठी, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने की झुमके, दो जोड़ी सोने के कुंडल और अन्य गहने गायब थे। पीड़ित ने इसकी तहरीर पुलिस को दी और जांच की मांग की।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने आसपास के मकानों के सीसीटीवी देखे तो उसमें तीन आरोपी मकान में अंदर जाते दिख रहे हैं। वहीं सीओ विकास प्रताप सिंह का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।