गाजियाबाद। शोर मचाने पर दो साल के बच्चे की गर्दन काटने की धमकी देकर तीन बदमाशों ने नगर निगम में ठेके पर कार्यरत कर्मी के घर से डेढ़ लाख की नकदी और करीब ढाई लाख के गहने लूट लिए। बदमाशों ने रविवार सुबह नगर कोतवाली के जस्सीपुरा में शाहरुख के घर में घुसकर वारदात की। मामले में पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर निगम में ठेके पर कार्यरत पर्यवेक्षक शाहरुख ने बताया कि रविवार सुबह वह करीब साढ़े छह बजे ड्यूटी पर चले गए। घर के दरवाजे बंद नहीं थे। उनके जाने के करीब 20 मिनट बाद उनकी पत्नी की कॉल आई और उसने घर में चोरी होने की जानकारी दी। वह घर पहुंचे तो उसने आपबीती बताई। पत्नी ने उन्हें बताया कि वह अपने दो साल के बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान तीन बदमाश आए। उन्होंने उन्हें देख लिया। एक बदमाश ने शोर मचाने पर बच्चे को मारने की धमकी दी तो वह चुपचाप लेट गईं। इसके बाद बदमाश अलमारी का लॉकर खोलकर गहने व नकदी लेकर भाग गए। शाहरुख ने बताया कि वह दूसरी मंजिल पर रहते हैं। बड़ा भाई भूतल पर और छोटा भाई प्रथम तल पर परिवार के साथ रहते हैं।
फुटेज में मकान में जाने के नहीं मिले साक्ष्य
एसीपी कोतवाली रविंद्र वर्मा का कहना है कि मामले में गहनता से जांच की जा रही है। अभी तक की सीसीटीवी फुटेज की जांच में कोई उनके मकान में जाता नजर नहीं आया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।