बुलंदशहर। जिले में मानसून की बारिश लगातार जारी है। शुक्रवार को पूरे दिन धूप-छांव के बीच रुक-रुक कर हुई बारिश से लोग परेशान हो गए। मौसम वैज्ञानिक अभी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जता रहे हैं।
बारिश से जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को इसका सामना करना पड़ा। वहीं, राहगीर और दोपहिया वाहन चालक बारिश से बचने के लिए जहां-तहां खड़े देखे गए। कई बार तो ऐसा हुआ कि बारिश से बचने के लिए लोग खड़े हुए और बूंदाबांदी कम होने पर वह फिर आगे बढ़े तो फिर से बारिश शुरू हो गई और अधिकतर लोग भीग गए।
ऐसे मौसम के बीच अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 84 फीसदी और हवा की गति 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही। यह बारिश धान व ईंख समेत अन्य फसलों के लिए वरदान साबित हुए जबकि पककर तैयार हो चुकी मक्का व धान के साथ सब्जी की फसलों के लिए नुकसानदायक रही। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. विवेकराज का कहना है कि अभी इसी तरह का मौसम बना रहने और बारिश जारी रहने का अनुमान है।