पैर फिसलने से हुआ हादसा
गांव मिर्जापुर निवासी राजकुमार का बेटा ऋषभ (13) घर के पास खाली प्लॉट में बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। ऋषभ के चाचा अमित लोधी ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान गेंद बराबर में खाली प्लाट में चली गई, जिसमें तीन से चार फिट सरिया के पिलर खड़े हुए थे। ऋषभ जैसे ही बराबर में एक दीवार पर चढ़ा उसका पैर फिसल गया और एक सरिया ऋषभ की दाईं बाजू के नीचे से धंसता हुआ गर्दन के पास से बाहर निकल गया।
हालत देख डॉक्टर भी हैरान
किशोर की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सरिया निकालने का प्रयास किया। प्रयास सफल न होने पर उन्होंने हाथ की आरी से सरिया को काटा और तत्काल कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत देखकर स्टाफ भी दंग रह गया। प्राथमिक उपचार और ड्रिप लगाने के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि चोट बेहद गहरी है, जिसके चलते बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेजा गया है। चाचा ने बताया कि ऋषभ के सरिया घुसने के बाद खून कम निकला, जिससे ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
साढ़े तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाला गया सरिया
घायल किशोर ऋषभ के चाचा अमित लोधी ने बताया कि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में साढ़े तीन घंटे के ऑपरेशन के बाद सरिया को निकाल दिया गया है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसे ऑपरेशन थिएटर में लेकर गए थे। करीब 7 बजे के बाद बाहर लाए। उसके बाद स्थिति को देखते हुए आइसीयू में भर्ती कर दिया है। बताया कि बच्चे की हालत ठीक है। समाचार लिखे जाने तक बच्चे को होश नहीं आया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन ठीक हो गया है।
कक्षा पांच में पढ़ता है ऋषभ, पिता बिजली मिस्त्री
पिता राजकुमार बिजली मिस्त्री और मां गृहणी हैं। ऋषभ तीन भाई बहन हैं। सबसे बड़ा भाई है, दूसरे नंबर का ऋषभ और तीसरे नंबर की छोटी बहन है। बताया गया कि ऋषभ कक्षा पांच में एक निजी स्कूल में पढ़ता है और छुट्टी होने के कारण अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था।