निमचाना गांव में रविवार देर प्लॉट का बकाया रुपया चुकाने को घर बुलाकर पड़ोसी ने पहले खूब शराब पिलाई। फिर ग्रामीण को लाइसेंसी रायफल से गोली मार दी।
गंभीर हालत में उसे दिल्ली के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण ने खुद को गोली मारी है।
बता दें कि निमचाना गांव निवासी ओमप्रकाश बंजारा ने दो वर्ष पूर्व गांव के ही राजवीर और अशोक को अपना 300 गज प्लाॅट बेचा था। जिसकी कुछ रकम बकाया रह गई थी।
पीड़ित परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे अशोक का बेटा धर्मेंद्र ओमप्रकाश को घर से प्लॉट के पैसे देने के बहाने चाचा राजवीर के घर बुलाकर ले गया।
जब ओमप्रकाश आरोपियों के घर पहुंचे तो उन्होंने बैठाकर पहले तो खूब शराब पिलाई। इसके बाद लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पत्नी ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ओमप्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है।
अगौता थाने के कार्यवाहक एसओ अरुण कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत लिया गया है। प्राथमिक जांच में ओमप्रकाश के खुद गोली मारने की बात समाने आ रही है।