बुलंदशहर(ब्यूरो)। नगर कोतवाली क्षेत्र में रिलायंस कंपनी के एक आईडी पर कई सिम कार्ड जारी होने के मामले में पुलिस जांच में मामला सही पाया गया है। जांच में पता चला कि सिम टेस्टिंग पर कंपनी के ही कर्मचारियों को दिए जा रहे थे, ताकि नेटवर्क की सर्चिंग पावर का पता चल सके।
जांच में कुछ गलत नहीं मिलने पर पुलिस ने हिरासत में लिए कर्मियों को छोड़ दिया। नगर कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि बुधवार को एक ही आईडी पर कई सिम जारी करने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने दस्तावेज जांचे थे। एक कर्मचारी को हिरासत में भी लिया था।
पुलिस जांच में पता चला कि यह सिम टेस्टिंग के लिए कंपनी के ही कर्मचारियों को दिए जा रहे थे। सिम देने का मकसद टावरों की सही नेटवर्क जानने को था। कंपनी के नियम के तहत यह एक रुटीन प्रक्रिया है। इसमें कोई फर्जीवाड़ा नहीं था, कंपनी से ही निकाले गए एक कर्मचारी ने पुलिस को गलत सूचना दी थी।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कंपनी अफसरों के मुताबिक यह सिम टेस्टिंग के लिए बांटे जा रहे थे। जांच के बाद कर्मी को छोड़ दिया गया है। कंपनी के ही पूर्व कर्मचारी ने गलत सूचना पुलिस को दी थी।