आठ लाइसेंस निरस्त, सात को नोटिस
बुलंदशहर। कृषि विभाग की चार टीमों ने शुक्रवार को जनपद में संचालित उर्वरक की 57 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आठ दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। वहीं सात को नोटिस जारी किया गया है। टीम ने 11 उर्वरक के सैंपल लिए हैं।
उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी की टीम ने 22 उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो उर्वरकों के सैंपल लिए गए और दो को नोटिस जारी करने के साथ पांच दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने 12 दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए और दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमरपाल की टीम ने 16 दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीन दुकानदारों को नोटिस दिए और सात उर्वरक के सैंपल लिए। इसके अलावा भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा की टीम ने सात दुकानों का निरीक्षण करते हुए एक दुकान का लाइसेंस निलंबित किया और एक उर्वरक का सैंपल लिया। इन टीमों को डीएम की ओर से अलग-अलग तहसील क्षेत्र में संचालित उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण करने का आदेश जारी किया गया था। निरीक्षण की भनक लगते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए।