फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक बीघा जमीन के लिए ताऊ ने की मासूम की हत्या

Mon, 01 Aug 2016 10:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बुलंदशहर
विज्ञापन
ताऊ ने भतीजे को अगवा कर की गला घोंटकर हत्या। - फोटो : ब्यूरो
विज्ञापन
एक बीघा जमीन के लालच में अपने छोटे भाई के घर का इकलौता चिराग बुझा दिया। ताऊ ने पहले मासूम को अगवा किया और उसकी गला घोटकर हत्या कर शव अपने घर में छिपा लिया। मासूम की तलाश में लोगों ने गांव में घर-घर तलाशी अभियान चलाया तो मासूम का शव ताऊ के घर से मिला।
विज्ञापन


इसके बावजूद ताऊ ने माफी मांगने का ड्रामा कर मासूम के शव का अंतिम संस्कार करा दिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। बाद में रिश्तेदारों के आने पर अगवा करने और हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद से आरोपी फरार हैं। दिल दहला देने वाली घटना क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

 चोला चौकी क्षेत्र के गांव जाहिदपुर निवासी पवन ने बताया कि उसका तीन वर्षीय पुत्र गोलू रविवार सुबह आठ बजे घर के बाहर से अचानक गायब हो गया था। शाम तक तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिला तो चौकी पर गुमशुदगी की तहरीर दे दी। शाम को ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश के लिए घर-घर तलाशी लेने का निर्णय लिया।
विज्ञापन


तलाशी शुरू हुई तो गोलू पवन के बड़े भाई रामौतार के घर रजाइयों में दबा मिला। बच्चे को वह सिकंदराबाद स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया।

उधर, गोलू के ताऊ रामौतार ने ग्रामीणों के सामने स्वीकार किया कि उसने बच्चे को अगवा करके गला दबाकर हत्या की है। रामौतार ने पवन से माफी मांगी और घर का मामला होने की दुहाई दी। इस पर पवन का दिल पसीज गया और बच्चे का दाहसंस्कार कर दिया।

बच्चे के मामा ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पवन पर रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाया। पवन ने सोमवार को चोला चौकी पहुंचकर भाई रामौतार और उसके पुत्र मोनू के खिलाफ हत्या और शव छिपाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी पिता-पुत्र फरार हैं।

आपसी रंजिश बनी मासूम की हत्या की वजह
ग्रामीणों के अनुसार पवन और रामौतार दो भाई है। दोनों भाईयों के हिस्से में 20 बीघा जमीन है। मगर पवन इस समय 11 बीघा और रामोतार नौ बीघा जमीन जोत रहा है। जबकि दोनों भाईयों के हिस्से में 10-10 बीघा जमीन आती है।

इसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते रामौतर ने मासूम गोलू को पहले अगवा किया और फिर उसका गला घोटकर हत्या कर शव घर में छिपा लिया। इस घटना से गांव वाले सकते में हैं।

इकलौता पुत्र था गोलू
तीन वर्षीय गोलू पवन का इकलौता पुत्र था। गोलू की हत्या के बाद पिता पवन, मां सीमा, बहन रजनी 10 वर्ष और चुनमुन 7 वर्ष का रो-रोकर बुरा हाल है। वह गोलू को याद कर बार-बार बेहोश हो रहे हैं। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

बच्चे के शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। अस्थियों को एकत्रित कर फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर ली है। हत्यारोपी पिता-पुत्र की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -देवेंद्र यादव, इंचार्ज, चोला चौकी
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें