अनूपशहर। अलीगढ़ निवासी चार वर्षीय मासूम गोलू की शनिवार को दिल्ली के सफदरगंज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मासूम के मामा का आरोप है कि खांसी का सीरप पीने से गोलू की मौत हुई है। अनूपशहर में गंगा किनारे मासूम के शव को दफना दिया गया।
अनूपशहर निवासी बिजेंद्र गिहारा गोताखोर हैं। इनकी बहन ममता अलीगढ़ में अपने पति तुलसीदास संग रहती हैं। मामा बिजेंद्र ने बताया कि ममता के चार वर्षीय पुत्र गोलू को 19 अक्तूबर को खांसी हुई थी। परिजन मेडिकल स्टोर से खांसी का सीरप ले आए और उसे पिला दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे अलीगढ़ मेडिकल में दिखाया। जहां उसका उपचार चल रहा था।
23 अक्तूबर को भाई दूज पर बहन ममता अपने बीमार पुत्र गोलू के साथ अनूपशहर आई थी। मामा ने बताया कि अनूपशहर में आने पर उसे नगर के एक निजी चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ लेकर पहुंचे तो चिकित्सक ने उसे दिल्ली ले जाने की सलाह दी। परिजनों संग उसे लेकर दिल्ली पहुंचे तो सफदरगंज में भर्ती कराया। शनिवार को गोलू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
Iखांसी का सीरप पीने से मौत की जानकारी की जा रही है। मामला अलीगढ़ से जुड़ा हुआ है। इसकी रिपोर्ट अलीगढ़ सीएमओ कार्यालय भेजी जाएगी। - डॉ. सुनील कुमार दोहरे, सीएमओI