बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में 24 मार्च से शुरू होने वाली वार्षिक परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं, इस बार विद्यार्थियों को पहली बार ऑनलाइन परीक्षा परिणाम मिलेगा। इसके लिए सभी 1862 स्कूलों में छात्र-छात्राओं का डाटा प्रेरणा पोर्टल पर ठीक किया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य परीक्षा के साथ होगा। इसके बाद परीक्षा परिणाम ऑनलाइन किया जाएगा। प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन मार्कशीट पर नंबर भरा जाएगा। फिर प्रिंटआउट निकाल कर बच्चों को दिया जाएगा।
सभी छात्रों का परीक्षा परिणाम प्रेरणा पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगा। इस बार स्थानांतरण प्रमाण पत्र यानि टीसी भी ऑनलाइन होगी। इससे टीसी के सत्यापन में दिक्कत नहीं आएगी। इसकी पूरी जानकारी यू-डायस पोर्टल पर भी मिलेगी।
बताया कि वार्षिक परीक्षा के लिए जनपद स्तर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से मॉडल प्रश्नपत्र तैयार किए जाने के लिए प्रवक्ताओं की समिति बनाई गई है। प्रश्नपत्र 22 मार्च तक संबंधित ब्लॉक के बीईओ के माध्यम से विद्यालयों में भेज दिए जाएंगे। पांच दिन तक चलने वाली परीक्षा कड़ी निगरानी में होगी। न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे।