बुलंदशहर। उमस भरी गर्मी के मौसम में बुधवार को अघोषित कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया। स्थिति यह रही कि शहरी क्षेत्रों में छह घंटे और देहात में 10 से 12 घंटे बिजली गुल रही। नगर के अंसारी रोड व हाइडिल काॅलोनी बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में लगातार तीन घंटे से अधिक बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान रहे।
हाइडिल काॅलोनी व अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में बुधवार दोपहर के समय लगातार करीब तीन घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। विभाग के मुताबिक भूड़ चौराहे से बिजलीघरों के लिए आ रही 33 केवीए लाइन में ब्रेकडाउन के चलते बिजली सप्लाई प्रभावित रही। इससे बाईपास रोड, राधानगर, हाइडिल काॅलोनी, शास्त्री नगर, कोर्ट रोड, कलक्ट्रेट, काला आम चौराहा, अंसारी रोड, मोती बाग, कैलाशपुरी, चांदपुर रोड समेत अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति ठप रही।
चांदपुर रोड निवासी आदेश पाराशर ने बताया कि बिजली कटौती के कारण दोपहर के समय में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। समस्या को दूर करने के लिए बार-बार बिजलीघर फोन किए गए लेकिन फोन नहीं मिला। चेतन कुमार ने बताया कि उमस भरी गर्मी के बीच बढ़ती अघोषित कटौती से न दिन में सुकून है और न ही रात में।
गांवों में सप्लाई के हालात खराब
जिले के विभिन्न गांवों में बिजली सप्लाई के हालात काफी खराब हैं। स्थिति यह है कि डिबाई, शिकारपुर, स्याना, औरंगाबाद, सलेमपुर, ककोड़, बुगरासी, अहार, ऊंचागांव, जहांगीराबाद समेत अन्य क्षेत्रों के गांवों में लोगों को मुश्किल से छह से आठ घंटे बिजली सप्लाई मिल पा रही है। गांव नगला पैंठ निवासी सचिन ने बताया कि बिजली कटौती के कारण गांवों में बिजली के उपकरण भी काम नहीं कर रहे हैं। इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही लोड बढ़ता है। इससे कुछ स्थानों पर फाल्ट व ब्रेकडाउन की समस्या आती है। समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने के लिए काम किया जा रहा है। - संजीव कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम